- बहेगी देशभक्ति की अविरल धारा, याद की जाएगी शहीदों की कुर्बानी
- सुभाष चंद्रा फाउंडेशन खेल एकेडमी लोहारी राघो की तरफ से किया जा रहा आयोजन
- प्रात: 7 बजे सरपंच सोनू सरोहा करेंगे तिरंगा यात्रा का शुभारंभ
- युवा संगठन टीम द्वारा गाँव के आजाद चौक पर भी किया जाएगा कार्यक्रम का आयोजन
नारनौंद। शहीद-ए-आजम भगत सिंह,राजगुरु व सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर गाँव लोहारी राघो में कल सुभाष चंद्रा फाउंडेशन खेल एकेडमी द्वारा कल 23 मार्च को गाँव लोहारी राघो में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।(Tiranga-Yatra-tomorrow-in-Lohari-Ragho-on-the-occasion-of Martyr's-Day) तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गाँव के पीएमश्री विद्यालय स्थित खेल एकेडमी में प्रात: सात बजे किया जाएगा। तिरंगा यात्रा के मुख्य अतिथि गाँव के सरपंच सोनू सरोहा हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना करेंगे। तिरंगा यात्रा सरकारी स्कूल से शुरु होकर गाँव के मुख्य बाजार व गलियों से होकर गुजरेगी। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीत गूंजते रहेंगे। तिरंगा यात्रा के आयोजक खेल एकेडमी के संचालक व मुख्य कोच साधु सरोहा ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा का मकसद शहीदों की कुर्बानी को याद कर ग्रामीणों में चेतना व देशभक्ति की भावना को जगाना है। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों और क्रांतिकारियों के बलिदान ने समाज को नई राह दिखने का काम किया। इन बलिदानियों के सपनों का भारत बनाना हमारा परम कर्तव्य बनता है। तिरंगा यात्रा का मुख्य मकसद युवाओं में बढ़ रही नशा प्रवृति को खत्म कर उन्हें सेहतमंद बनाने का संदेश देना भी है। उन्होंने कहा कि गाँव के अधिकतर नौजवान नशों में अपनी जवानी बर्बाद कर रहे हैं। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम युवाओं को नशे छोड़कर खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संदेश भी देंगे। इस अवसर पर गाँव के अनेक मौजिज ग्रामीण मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक ट्रस्ट व युवा संगठन टीम द्वारा भी गाँव लोहारी राघो स्थित आजाद चौक पर शहीद दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। युवा संगठन टीम के संचालक कर्ण सैनी ने बताया कि इस अवसर पर शहीदों की कुर्बानी को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।

